Backशुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में सबसे अहम बुमराह की वापसी है, क्योंकि उन्होंने इस साल अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। उन्होंने आखिरी बार 2025 के आखिर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेले थे। ऋषभ पंत, जिन्हें हाल ही में ईरानी कप के दौरान 'साइड स्ट्रेन' (पसलियों के पास खिंचाव) की समस्या हुई थी, उन्हें भी टीम में रखा गया है, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।
केएल राहुल टीम के उप-कप्तान हैं और यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहली पसंद वाली ओपनिंग जोड़ी बनाएंगे। देवदत्त पडिक्कल, जिन्होंने श्रीलंका दौरे पर नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए दो शतक लगाए थे, अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे हैं। वहीं इस पोजिशन के एक और दावेदार साई सुदर्शन भी टीम में वापस आ गए हैं; वे पैर की उंगली में चोट के कारण श्रीलंका दौरे पर नहीं जा पाए थे। ध्रुव जुरेल टीम में दूसरे विकेटकीपर हैं, जो मिडिल ऑर्डर में भी एक विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।
2025 में इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट मैच खेलने के बाद बाहर होने वाले कंबोज की भी वापसी हुई है। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं। वहीं आईपीएल के दौरान पीठ में लगी चोट से उबरकर आकाशदीप भी जगह बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2025 इंग्लैंड दौरे पर खेला था।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बुमराह की जगह लेने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में जगह नहीं मिली, उन्होंने अभी तक इस फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला है। उन्होंने वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान अपना वनडे डेब्यू किया था। पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस फॉर्मेट में आखिरी खेलने वाले रेड्डी भी टीम में लौटे हैं।
India's Test squad for New Zealand Series! https://t.co/K6ufHs3yLh
— CRICKETNMORE (@cricketnmore) October 16, 2026
वाशिंगटन सुंदर, जो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण श्रीलंका में दोनों टेस्ट नहीं खेल पाए थे, उन्हें भी टीम में चुना गया है। उनके अलावा स्पिन गेंदबाजी के लिए कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा टीम में हैं, जबकि अक्षर पटेल या मानव सुथार के लिए कोई जगह नहीं बन पाई है।
भारत और न्य़ूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंग्टन में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।