Backबेंगलुरु : भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पांचवें मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया है। यह फैसला तब लिया गया जब हैदराबाद में खेले गए चौथे टी-20 मैच के दौरान बल्लेबाजी करते हुए अर्शदीप सिंह के बाएं कंधे में चोट लग गई। एक और गेंद खेलने के बाद अर्शदीप चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए। उस मैच में वेस्टइंडीज ने जीत हासिल की और सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया है कि भुवनेश्वर को केवल एहतियात के तौर पर शामिल किया गया है। अर्शदीप अभी भी टीम का हिस्सा हैं। बोर्ड ने अपने बयान में कहा है कि सीरीज के आखिरी मैच में अर्शदीप का खेलना उनके ‘रिकवरी' (ठीक होने) पर निर्भर करेगा।
वैसे, भुवनेश्वर, जिन्हें पिछले चार सालों से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर रखा था, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ आईपीएल में दो शानदार सीजन बिताने के बाद टीम में वापस लौटे हैं। उन्हें 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए भी भारतीय टी-20 टीम में चुना गया है। उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2022 में नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ राष्ट्रीय टीम के लिए खेला था। पूरी संभावना है कि 36 वर्षीय यह तेज गेंदबाज 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले पांचवें टी-20 मैच में खेलने के दावेदारों में शामिल हो सकते हैं।