flag
backBack
Aryavir Sehwag: वीरेंद्र सहवाग के बेटे का धमाका, आर्यवीर ने ठोके 173 रन; 19 चौके और 8 छक्कों से मचाई तबाही

By: Shubham Laad

aryavir-sehwag-173-runs-vinoo-mankad-trophy

Aryavir Sehwag Batting: भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग भी अब अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं। 18 साल के आर्यवीर ने अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट विनू मांकड़ ट्रॉफी में ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों का ध्यान खींच लिया। दिल्ली अंडर-19 की ओर से खेलते हुए उन्होंने चंडीगढ़ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

आर्यवीर ने पारी की शुरुआत करते हुए 143 गेंदों पर 173 रन बनाए। उनकी इस पारी में 19 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। यानी उन्होंने बाउंड्री से ही 124 रन बटोर लिए। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामक अंदाज की झलक देखने को मिली, जो कभी उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की सबसे बड़ी ताकत हुआ करती थी।

दिल्ली की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे
आर्यवीर की यह पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि विनू मांकड़ ट्रॉफी के ग्रुप ई में दिल्ली की टीम संघर्ष कर रही है और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। ऐसे में आर्यवीर का शानदार प्रदर्शन टीम के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने दिखाया कि मुश्किल दौर में भी व्यक्तिगत प्रदर्शन से अपनी छाप छोड़ी जा सकती है।

भारत की अंडर-19 टीम के लिए भी कर चुके हैं डेब्यू
आर्यवीर हाल ही में भारत की अंडर-19 टीम के लिए तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में डेब्यू कर चुके हैं। इस सीरीज में उन्होंने तीन मैचों में कुल 109 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 47 रन रहा। अब विनू मांकड़ ट्रॉफी में 173 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक और नमूना पेश किया है।

वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज बल्लेबाज का बेटा होने के कारण आर्यवीर पर स्वाभाविक रूप से लोगों की नजरें रहती हैं। हालांकि, वह अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

बेटे को सहवाग की खास सलाह
वीरेंद्र सहवाग ने एक इंटरव्यू में बेटे को दी गई सलाह का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने आर्यवीर से दबाव की चिंता किए बिना खुलकर खेलने को कहा है। सहवाग के मुताबिक, अगर बल्लेबाज अपने खेल को खुलकर जाहिर करता है, तो बड़ी पारियां अपने आप आती हैं। लेकिन अगर वह सिर्फ बड़े स्कोर के बारे में सोचता रहेगा, तो उसके लिए रन बनाना मुश्किल हो सकता है।

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी चमके
विनू मांकड़ ट्रॉफी में सिर्फ आर्यवीर ही नहीं, बल्कि पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी अपने प्रदर्शन से चर्चा में हैं। कर्नाटक अंडर-19 की ओर से खेलते हुए अन्वय ने शानदार शतक लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने 41 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी भी खेली। युवा खिलाड़ियों के इन प्रदर्शनों ने घरेलू अंडर-19 क्रिकेट को दिलचस्प बना दिया है।

शायद तुम पसंद करोगे

IND VS WI: आज कितने बजे शुरू होगा पांचवां टी-20 मैच? सीरीज के विजेता का होगा फैसला, जानिए कहां दे

NewsNationTv17 minutes ago