BackIND vs WI: वेस्टइंडीज ने चौथे टी20 मैच में भारत को 24 रनों से हराकर इस सीरीज को बेहद रोमांचक बना दिया है. 5 मैचों की यह टी20 सीरीज अब 2-2 की बराबरी पर है और अब पांचवां मैच डिसाइडर होगा. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के 247 रनों के जवाब में टीम इंडिया 9 विकेट पर 223 रन ही बना सकी. भारत की ओर से संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 53 रनों की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 43 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 41 रनों का योगदान दिया. वहीं वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया. इसके अलावा गुडाकेश मोती ने 2 विकेट चटकाए, जबकि शमर स्प्रिंगर और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 सफलता मिली.
वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की पारी का आगाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने किया. टीम इंडिया की शुरुआत तो धमाकेदार अंदाज में हुई, लेकिन फिर पांचवें ओवर में कीमो पॉल ने संजू सैमसन और ईशान किशन को आउट कर भारतीय टीम को दो बड़े झटके दिए. ओवर की पहली ही गेंद पर एक तूफानी अर्धशतक लगाकर संजू आउट हो गए. पॉल की गेंद पर हेटमायर ने बाउंड्री पर उनका एक शानदार कैच लपका. संजू ने 23 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 53 रनों की तूफानी पारी खेली. इसके बाद पॉल ने चौथी गेंद पर ईशान किशन पवेलियन की राह दिखाई. ईशान 3 गेंदों पर सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए. इस तरह टीम इंडिया ने 67 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे.
इसके बाद शमर स्प्रिंगर ने कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया. अय्यर 11 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद गुडाकेश मोती ने एक ही ओवर में भारत को लगातार दो बड़े झटके देकर बैकफुट पर धकेल दिया. 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोती ने सेट हो चुके अभिषेक शर्मा को चलता किया, जिन्होंने 24 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली. इसके तुरंत बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने नमन धीर को अपना शिकार बनाया, जो अपना खाता भी नहीं खोल सके.
इसके बाद तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी के बीच छठें विकेट के लिए 70 रनों की शानदार साझेदारी हुई, लेकिन फिर 17वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने तिलक को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया. तिलक वर्मा ने 25 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौका और 3 छक्का शामिल रहा.
हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. कमाल के फॉर्म में चल रहे वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने इस सीरीज में अपना दूसरा शतक जड़ा. होप ने महज 50 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और वह 50 गेंदों पर 102 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 4 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर, शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रनों की शानदार पारी खेली. इनके अलावा शिमरोन हेटमायर ने 33, रोवमैन पॉवेल ने 24 और ज्वेल एंड्रयू ने 21 रनों का योगदान दिया. वहीं भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली.