Backदरअसल, वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की थी। कप्तान शाई होप और 19 साल के ज्वेल एंड्रयू के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी। दोनों बल्लेबाज पहले विकेट के लिए 25 गेंदों में 52 रन जोड़ चुके थे। भारतीय टीम को इस साझेदारी को तोड़ने के लिए विकेट की तलाश थी और अक्षर पटेल ने अपने पहले ही ओवर में यह काम कर दिखाया।
वेस्टइंडीज की पारी के पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर ने ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ गेंद डाली, जो थोड़ा अंदर की ओर आई। ज्वेल एंड्रयू ने इस गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकल गई और सीधे पैड पर जा लगी। भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की और फिल्ड अंपायर ने इसे आउट करार दिया।
हालांकि, वेस्टइंडीज ने इस पर रिव्यू लेने का फैसला किया, लेकिन रीप्ले में अल्ट्राएज पर बल्ले का कोई संपर्क नहीं दिखा। वहीं बॉल ट्रैकिंग में गेंद स्टंप्स से टकराती नजर आई, जिसके बाद एंड्रयू को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया गया। इस तरह वेस्टइंडीज की 52 रन की शुरुआती साझेदारी टूट गई और भारत को पहली सफलता मिल गई। एंड्रयू 16 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अक्षर पटेल इस सीरीज में लगातार अहम विकेट निकाल रहे हैं। वह अब तक चार विकेट अपने नाम कर चुके हैं और पावरप्ले में भी भारत को सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
टीमें इस मैच के लिए
भारतीय (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमस (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर,अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज (प्लेइंग XI): ज्वेल एंड्रयू, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेपर्ड, रॉस्टन चेज, गुड़ाकेश मोती, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, शमर जोसेफ।